उत्तराखंड

Haridwar: भरत सिंह चौधरी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

Admindelhi1
21 Jun 2026 10:43 AM IST
Haridwar: भरत सिंह चौधरी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
x
सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर

हरिद्वार: ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने ग्राम्य विकास, स्वरोजगार, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, मनरेगा, कृषि, उद्यान, पशुपालन, ग्रामीण अवस्थापना विकास और आजीविका संवर्धन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।

महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा ‘लखपति दीदी योजना’ के तहत शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगी।

उन्होंने जनपद में संचालित ‘क्लाउड किचन योजना’ की सराहना करते हुए कहा कि यह महिलाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को इस योजना से जोड़ने पर बल दिया।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, महाप्रबंधक उद्योग उत्तम सिंह तिवारी, जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story