उत्तराखंड

हरिद्वार में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, CM धामी बोले- हर पंखुड़ी शिवभक्तों की श्रद्धा को नमन

Gulabi Jagat
4 Aug 2026 6:43 PM IST
हरिद्वार में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा, CM धामी बोले- हर पंखुड़ी शिवभक्तों की श्रद्धा को नमन
x

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों पर की गई पुष्पवर्षा को उनकी आस्था, समर्पण और तप का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों पर बरसाई गई हर पंखुड़ी उन शिवभक्तों को नमन है, जो कठिन यात्रा पूरी कर सनातन संस्कृति और आस्था का ध्वज ऊंचा रख रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि हरिद्वार में कांवड़ियों पर की गई पुष्पवर्षा की हर पंखुड़ी उन शिवभक्तों के समर्पण, तप और श्रद्धा को प्रणाम है। उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले कांवड़िये कठिन परिस्थितियों में लंबी यात्रा कर भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था और भक्ति का परिचय देते हैं।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, अनुशासन, सेवा और श्रद्धा का प्रतीक है। इस यात्रा में शामिल प्रत्येक शिवभक्त समाज को आस्था, संयम और समर्पण का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने में जुटे प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाई कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिसे लेकर मुख्यमंत्री ने इसे शिवभक्तों के प्रति सम्मान और उनकी आस्था के प्रति राज्य सरकार की श्रद्धा का प्रतीक बताया।

Next Story