
x
Dehradun देहरादून: राजधानी देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में एक महिला ने गुस्से में अपने चार साल के सौतेले बेटे को कथित तौर पर धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी प्रिया के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता राहुल कुमार द्वारा रविवार को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में उन्होंने अपनी दूसरी पत्नी प्रिया पर इस घटना के लिए शक जताया है।
डोईवाला के बुल्लावाला गाँव निवासी कुमार ने अपनी शिकायत में कहा है कि पहली पत्नी की मृत्यु के बाद उन्होंने प्रिया से दूसरी शादी कर ली थी। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर को जब वह काम पर गए थे, तो उनका बेटा विवान घर पर बेहोश हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। शिकायत के अनुसार, प्रिया विवान के साथ क्रूरता से पेश आती थी और छोटी-छोटी बातों पर उसे पीटती थी। कुमार को शक था कि प्रिया की पिटाई ही उनके बेटे की मौत का कारण है। शिकायत के आधार पर, डोईवाला थाने में भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि घटना के बारे में पड़ोसियों से जानकारी जुटाई गई और उसी के आधार पर प्रिया को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में उसने गुस्से में आकर विवान को ज़मीन पर धकेलने की बात स्वीकार की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पूछताछ के बाद, पुलिस ने प्रिया को गिरफ्तार कर लिया।
Next Story





