उत्तराखंड

Dehradun: देर रात बादल फटा, होटलों और दुकानों को नुकसान

Sarita
16 Sept 2025 7:22 AM IST
Dehradun: देर रात बादल फटा, होटलों और दुकानों को नुकसान
x
Dehradun देहरादून: सहस्रधारा क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से बड़े पैमाने पर नुकसान की खबर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, मुख्य बाजार में मलबा गिरने से दो से तीन बड़े होटल और कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है। कार्डीगाड़ के ग्राम प्रधान राकेश जवाड़ी ने अमर उजाला को बताया कि घटना रात करीब साढ़े 11 बजे की है। कार्डीगाड़ में बादल फटने के बाद मुख्य बाजार में भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। इससे दो से तीन बड़े होटल क्षतिग्रस्त हो गए जबकि एक बाजार में बनी करीब 7 से 8 दुकानें ध्वस्त हो गईं।
आईटी पार्क के पास भी भारी मात्रा में मलबा आ गया। इससे सोंग नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। पुलिस ने आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया है। साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है। रायपुर थाना प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े 12 से एक बजे के बीच की है जब आईटी पार्क के पास अचानक मलबा आ गया। सूचना मिलते ही तत्काल भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Next Story