उत्तराखंड

Dehradun: मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से करीब 300 लोग बीमार, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

Sarita
1 April 2025 11:54 AM IST
Dehradun: मिलावटी कुट्टू का आटा खाने से करीब 300 लोग बीमार, आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
x
Dehradun देहरादून: देहरादून में कथित रूप से मिलावटी कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने से करीब 300 लोग बीमार हो गए। जिन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हालचाल जाना। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां बताया कि मिलावटी कुट्टू के आटे के मुख्य आपूर्तिकर्ता समेत तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि फूड प्वाइजनिंग से बीमार पड़ने के बाद भर्ती कराए गए 300 में से अधिकतर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उन्होंने बताया कि राजकीय कोरोनेशन और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में अभी भी करीब 100 मरीज भर्ती हैं। जिनकी हालत स्थिर है और उन्हें भी जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से देहरादून में कुट्टू के आटे की आपूर्ति की गई थी
अधिकारी ने बताया कि चैत्र नवरात्रि के अवसर पर कुट्टू के आटे से बने व्यंजन खाने के बाद रविवार रात कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने यहां बताया कि जिस कुट्टू के आटे को खाने से लोग बीमार हुए हैं, उसकी आपूर्ति उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से हुई थी। सिंह ने बताया कि घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 दुकानों को चिन्हित कर सील कर दिया और वहां मौजूद सभी खाद्य सामग्री जब्त कर ली। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सहारनपुर के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सूचित कर दिया गया है। वहीं एक टीम सहारनपुर भेजी गई है।
कुट्टू के आटे के मुख्य आपूर्तिकर्ता और दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज
उत्तराखंड के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने देहरादून के साथ ही राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में दुकानों और प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर खाद्य सामग्री के नमूने लिए। राज्य के स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि मरीजों के परिजनों ने देहरादून के अलग-अलग क्षेत्रों की अलग-अलग दुकानों से कुट्टू का आटा खरीदा था, लेकिन आटे का स्रोत एक ही था। कुमार ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कुट्टू के आटे के मुख्य आपूर्तिकर्ता और दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के खाद्य विभाग की टीमों ने की छापेमारी
उन्होंने बताया कि कुट्टू का आटा सप्लाई करने वाली सहारनपुर की संस्था मैसर्स गोविंद सहाय शंकर लाल, सहारनपुर में कुट्टू पीसने वाली मिल विकास गोयल चक्की और देहरादून के विकासनगर स्थित मुख्य वितरक लक्ष्मी ट्रेडिंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और लक्ष्मी ट्रेडिंग के गोदाम को भी सील कर दिया गया है। उधर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में खाद्य विभाग की टीम ने कुट्टू के आटे के खुदरा और थोक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कुट्टू के आटे के पैकेट जब्त किए। इस छापेमारी में उत्तराखंड के खाद्य विभाग की टीम भी शामिल थी।
मिलावट की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं
सहारनपुर के जिलाधिकारी मनीष बंसल ने बताया कि उत्तराखंड और सहारनपुर की खाद्य विभाग की टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है। बंसल ने बताया कि इस जिले के सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में कुट्टू के आटे की दुकानों पर छापेमारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मिलावट की जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं और उन्हें प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
Next Story