उत्तराखंड

Dehradun: गैंगस्टर एक्ट के आरोपी पर घोषित था 25 हजार का इनाम, पुलिस ने पकड़ा

Admindelhi1
4 Sept 2026 12:21 PM IST
Dehradun: गैंगस्टर एक्ट के आरोपी पर घोषित था 25 हजार का इनाम, पुलिस ने पकड़ा
x
25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को पुलिस ने दबोचा

देहरादून: उत्तराखंड विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान दिनेश कुमार (32) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी ग्राम जय भगवानपुर, थाना छप्पार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के ज्वालापुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था।

पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा संख्या 671/2023 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने के साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 84 के तहत भी कार्रवाई की गई थी। उसकी गिरफ्तारी पर हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने तकनीकी निगरानी और सुरागरसी के आधार पर आरोपित की लोकेशन मुजफ्फरनगर के छप्पार थाना क्षेत्र में चिन्हित की। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक धाराओं में तीन मुकदमे भी दर्ज हैं। एसटीएफ का कहना है कि वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Next Story