उत्तराखंड

बॉर्डर सुरक्षा को लेकर भारत नेपाल की अहम बैठक

nidhi
21 Aug 2026 6:55 AM IST
बॉर्डर सुरक्षा को लेकर भारत नेपाल की अहम बैठक
x
नेपाल बॉर्डर को मजबूत करने की तैयारी तेज

देहरादून: भारत और नेपाल के बीच सीमा प्रबंधन को और मजबूत बनाने को लेकर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। भारत-नेपाल संयुक्त कार्य समूह (JWG) की 14वीं बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा, निगरानी व्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

दो दिवसीय इस बैठक में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने सीमा से जुड़े मौजूदा हालात और भविष्य की
रणनीति
पर विचार-विमर्श किया। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पौसुमी बसु ने किया, जबकि नेपाली प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई नेपाल के गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आनंद काफ्ले ने की।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान और दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने को लेकर चर्चा की। इसके अलावा सीमावर्ती इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर भी मंथन किया गया। अधिकारियों ने सड़क, संचार व्यवस्था और अन्य आवश्यक ढांचागत सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया, ताकि सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत हो।
भारत और नेपाल के बीच लंबी और खुली सीमा है, जहां दोनों देशों के नागरिकों के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध काफी पुराने हैं। ऐसे में सीमा प्रबंधन के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों की सुविधाओं और आपसी सहयोग को भी ध्यान में रखा जाता है। बैठक में सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों को रोकने, बेहतर निगरानी तंत्र विकसित करने और आपसी सहयोग बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने सीमा से जुड़े मामलों के समाधान के लिए नियमित संवाद और समन्वय को जरूरी बताया।
उत्तराखंड की नेपाल से लगी सीमा रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। राज्य के पिथौरागढ़ और चंपावत समेत कई इलाकों में सीमा सुरक्षा और स्थानीय विकास दोनों ही प्रमुख मुद्दे हैं। ऐसे में देहरादून में हुई यह बैठक भविष्य की सीमा नीति के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि भारत और नेपाल के बीच संयुक्त कार्य समूह की बैठक दोनों देशों के बीच बेहतर तालमेल बनाने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से सीमा प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर सहमति बनाकर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाती है। बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों को भी गति मिलेगी। भारत और नेपाल के बीच सहयोग बढ़ने से दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती मिलने की संभावना है।
Next Story