उत्तराखंड
राज्य में दो दिन की राहत के बाद फिर बदले मौसम के तेवर, चढ़ने लगा पारा
Gulabi Jagat
6 May 2022 10:46 AM IST

x
दो दिन की राहत के बाद फिर बदले मौसम के तेवर
देहरादून : Uttarakhand Weather Update : उत्तराखंड में दो दिन की राहत के बाद मौसम के तेवर फिर तल्ख होने लगे हैं। हालांकि, पर्वतीय इलाकों में बादल मंडरा रहे हैं, मगर मैदानी इलाकों में चटख धूप खिलने से पारा फिर चढऩे लगा है। इससे गर्मी और उमस महसूस की जा रही है।
पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, निचले इलाकों में मौसम शुष्क रह सकता है। प्रदेश में मंगलवार और बुधवार को मौसम के बदले मिजाज के बीच बारिश और ओलावृष्टि हुई।
मैदानों में तेज हवा दुश्वारी भी बढ़ाई
इससे तापमान में गिरावट आने से कुछ राहत मिली। हालांकि, इस दौरान मैदानों में तेज हवा ने दुश्वारी भी बढ़ाई। गुरुवार को दिनभर देहरादून समेत तमाम मैदानी इलाकों में आसमान साफ रहा और चटख धूप खिली, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में बादल मंडराते रहे।
मैदानों में मौसम शुष्क रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक, शुक्रवार को प्रदेश में पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज के साथ बौछारें पडऩे और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मैदानों में मौसम शुष्क रहेगा।
कहीं तीन दिन तो कहीं एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप
गर्मी के साथ ही दून में पानी की किल्लत भी बढ़ गई है। कहीं लो प्रेशर तो कहीं आपूर्ति पूर्णतया बाधित। निर्माण कार्यों के चलते कई जगह पेयजल लाइन आए दिन क्षतिग्रस्त हो रही हैं, तो कहीं नलकूप की मोटर खराब होने से पानी का संकट पैदा हो गया है। खुड़बुड़ा क्षेत्र में तीन दिन से लोग पानी को तरस रहे हैं। प्रेमनगर के मोहनपुर क्षेत्र में एक सप्ताह से पेयजल किल्लत बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभाग सुध लेने को राजी नहीं।
खुड़बुड़ा के घनी आबादी क्षेत्र में आए दिन पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। पिछले तीन दिनों से इलाके के ज्यादातर घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है। जिसके चलते लोग अपने स्तर पर टैंकर की व्यवस्था करने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी नरेंद्र ग्वाड़ी का कहना है कि जल संस्थान कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो पेयजल आपूर्ति सुचारू हुई है और न ही टैंकर ही भेजे जा रहे हैं।
उधर, प्रेमनगर क्षेत्र में मोहनपुर नहर रोड व शिव कालोनी में सप्ताहभर से पानी की सप्लाई बाधित है। जिससे लोग को तपती गर्मी में पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकत्र्ता रवि भाटिया का कहना है कि पेयजल निगम से कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। क्षेत्रवासी अपने खर्च पर पानी के टैंकर मंगवा रहे हैं। पेयजल निगम के लचर रवैये के चलते क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है।
Next Story





