
Uttarakhand उत्तराखंड : उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में बादल फटने की प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। इस घटना में राजस्थान के पांच जवान लापता हो गए हैं, जिनमें करौली जिले के बुधपुरा गाँव निवासी 14 वर्षीय अजीत सिंह भी शामिल हैं। अजीत सिंह राजपूताना राइफल्स के जवान हैं और आर्मी बेस कैंप हर्षिल में तैनात हैं। उन्होंने 4 जून 2025 को अपनी ट्रेनिंग पूरी की और 20 जून को सेना में भर्ती हुए थे। इस आपदा के बाद से लापता जवानों की तलाश में सेना और उत्तराखंड प्रशासन लगातार विशेष अभियान चला रहे हैं। करौली जिले की सपोटरा तहसील के निवासी अजीत सिंह का 13 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। इस संबंध में विधायक हंसराज बालोटी ने आर्मी बेस कैंप हर्षिल के कैप्टन हर्षवर्धन से फोन पर बात की और चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान की जानकारी ली।
राज्य और स्थानीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि लापता आम नागरिकों, जवानों और यात्रियों की खोज और बचाव के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक हंसराज बालोटी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि परिवार के सदस्य लगातार चिंता में हैं और उन्होंने प्रशासन से लापता जवानों की खोज तेज करने का अनुरोध किया है।राजस्थान के पांच लापता जवानों में अजीत राजपूत (करौली), हरलाल कलियर (रतनगढ़, चूरू), सचिन (सादुलपुर, चूरू), हरित सिंह (सीकर) और पूनमराम (नागौर) शामिल हैं। भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स की टीमें और उत्तराखंड प्रशासन का खोज अभियान लगातार जारी है।
परिवार और स्थानीय प्रशासन की चिंता इस बात को लेकर है कि अभी तक पुष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है। विधायक हंसराज बालोटी ने जिला कलेक्टर करौली नीलाभ सक्सेना, उत्तरकाशी जिला कलेक्टर प्रशांत कुमार आर्य और आर्मी बेस कैंप हर्षिल के कैप्टन हर्षवर्धन से विस्तार से बातचीत की और स्थिति की जानकारी ली।उत्तराखंड में आई इस आपदा ने स्थानीय लोगों और जवानों की सुरक्षा को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। अधिकारियों ने कहा कि बचाव कार्य लगातार जारी हैं और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि लापता जवानों और नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा सके।





