उत्तर प्रदेश

Ayodhya में योगी का बड़ा कार्यक्रम, विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण

Ratna Netam
9 July 2026 6:39 PM IST
Ayodhya  में योगी का बड़ा कार्यक्रम, विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण
x

Ayodhya अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बीकापुर विधानसभा क्षेत्र को 100 से अधिक विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री कई बड़ी योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 जुलाई को सुबह करीब साढ़े आठ बजे बीकापुर ब्लॉक परिसर पहुंचेंगे। यहां वह पूर्व सिंचाई मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की स्थापित प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन और स्थानीय संगठन करीब 15 से 20 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी में लगे हुए हैं।

बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। इनमें राजकीय महाविद्यालय शाहगंज बीकापुर, पंपिंग स्टेशन रामनगर धौरहरा और ड्रग वेयर हाउस बीकापुर जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में नई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। बुधवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ सदर प्रतीक कुमार और एसडीएम सोहावल सविता राजपूत समेत कई अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने करीब एक घंटे तक तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, मंच निर्माण और आम जनता की सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। ब्लॉक परिसर में प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री पौधरोपण भी करेंगे। इसके बाद वह जनसभा स्थल पर पहुंचकर जनता को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 300 मीटर दक्षिण दिशा में नगर पंचायत खिरौनी क्षेत्र के किसानों के खाली पड़े खेतों में हेलीपैड निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर तैयारियों में जुटे हैं।

तैयारियों के दौरान एसडीएम सविता राजपूत, तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह, नायब तहसीलदार रेशु जैन, नगर पंचायत खिरौनी की अधिशासी अधिकारी आरती श्रीवास्तव, बीडीओ सोहावल हरीशचंद्र सिंह और सीएचसी प्रभारी डॉ. आकांक्षा वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर जनसभा स्थल तक हर स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को बीकापुर क्षेत्र के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Next Story