- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Speeding रफ्तार वाहनों...
Speeding रफ्तार वाहनों ने ली तीन जानें, कई घायल अस्पताल में भर्ती

Noida नोएडा : गौतमबुद्ध नगर में गुरुवार का दिन सड़क हादसों के नाम रहा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे बड़ा हादसा थाना फेस-2 क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने सब्जियों से भरे लोडर वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की चपेट में एक मोटरसाइकिल भी आ गई। वहीं, थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
थाना फेस-2 पुलिस के अनुसार, यह हादसा क्षेत्र में उस समय हुआ जब सब्जियों से भरा एक लोडर वाहन सड़क से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो कार ने लोडर वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोडर वाहन में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और पास से गुजर रही एक मोटरसाइकिल भी दुर्घटना की चपेट में आ गई।
हादसे में लोडर वाहन के ऊपर बैठे दीपक (16 वर्ष) पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम लोथर, बदायूं की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में लोडर चालक अशोक कुमार (56 वर्ष) निवासी शामली, आकाश (31 वर्ष), शंकर (24 वर्ष) और राजवीर (50 वर्ष) निवासी संभल घायल हो गए। इसके अलावा मोटरसाइकिल सवार अभिषेक राय (29 वर्ष) निवासी संतकबीर नगर भी घायल हुआ।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने राजवीर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
वहीं, थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में भी दो सड़क दुर्घटनाएं हुईं। पहले मामले में अरुण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा वरुण और आदर्श मोटरसाइकिल से सेक्टर-76 की ओर जा रहे थे। जब वे सेक्टर-75 के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात कार चालक ने कथित तौर पर गलत दिशा से तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी थाना क्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में ऑटो रिक्शा सवार महिला की मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के अनुसार, शहीद हसन ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मां यासमीन बेगम ऑटो रिक्शा से जा रही थीं। ऑटो में उनकी पत्नी नजमा, बहन और बेटा भी मौजूद थे। स्पेक्ट्रम मॉल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी।
ट्रक की टक्कर से ऑटो पलट गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे में यासमीन बेगम की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि अन्य परिजनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।





