उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद में महिला का मोर्चरी से शव हुआ गायब, मोर्चरी पहुंची पुलिस

Admin Delhi 1
8 May 2023 2:36 PM GMT
फर्रुखाबाद में महिला का मोर्चरी से शव हुआ गायब, मोर्चरी पहुंची पुलिस
x

फर्रुखाबाद : लोहिया अस्पताल की मोर्चरी से अज्ञात महिला का शव गायब हो गया। यह देखकर स्वास्थ्य कर्मी और पुलिस कर्मियों के हाथपांव फूल गए। आखिर शव कहा गया, इसकी खोज शुरू हो गई। इमजरेंसी में जाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि अज्ञात महिला के मिलने की सूचना पुलिस को दी गई थी। पुलिस शव मिलना समझ कर मोर्चरी पहुंच गई। अभिलेखों में गलती से शव को रिसीव कर लिया गया था। हकीकत सामने आने पर स्वास्थ्य कर्मी और पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।

सेंट्रल जेल के पास गांव टिकुरियन नगला के नजदीक सोमवार सुबह एक अज्ञात महिला पड़ी थी। स्थानीय लोगों ने उसको भर्ती कराने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के ईएमटी विजेंद्रर सिंह मौके पर पहुंचे और अज्ञात महिला को टिकुरियन नगला से लाकर लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती करा दिया।

इमरजेंसी से कादरीगेट थाने पर अज्ञात महिला मिलने की सूचना भेजी गई। जिसकी आयु करीब 55 साल है। अस्पताल से भेजी गई रिपोर्ट को थाना पुलिस ने ठीक से नहीं पढ़ा। पुलिस के समझ में आया कि अज्ञात महिला का शव मिला है। दरोगा प्रताप सिंह दोपहर में एक पुलिस कर्मी और महिला पुलिस कर्मी के साथ लोहिया अस्पताल पहुंचे।

इमरजेंसी में जाने के बाद अस्पताल से मृतक के शव की रिसीविंग की। इसके बाद मोर्चरी में शव को देखने गए। कर्मचारी ने मोर्चरी खोली और अंदर जाकर देखा कि फ्रिजर में कोई शव नहीं रखा है। यह देखकर उसके होश उड़ गए। मोर्चरी से शव गायब हो गया, यह समझ कर कर्मचारी और पुलिस के होश उड़ गए। मोर्चरी कर्मचारी ने विभागीय लोगों को बताया कि मोर्चरी में शव नहीं है। शव कहा गया है, इससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

मोर्चरी में शव न मिलने पर दरोगा प्रताप सिंह पुलिस कर्मियों के साथ इमरजेंसी में पहुंचे और कहा कि शव को मोर्चरी में नहीं रखा है। जो रिसीविंग की है, उसको कटवाना है। ईएमओ डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने अस्पताल से भेजी रिपोर्ट को देखा तो बताया कि इस रिपोर्ट में शव मिलने का कोई जिक्र नहीं किया गया था। इसमें अज्ञात महिला के मिलने की सूचना भेजी गई थी। शव मिलना गलत समझ में आया होगा। तब उसी रिपोर्ट के पीछे शव की जो रिसीविंग कराई गई थी, उसको काट दिया गया। दरोगा और पुलिस कर्मी वापस चले गए।

सब करते रहे शव की खोज, महिला अस्पताल से खिसकी

गां टिकुरियन नगला के पास मिली अज्ञात महिला लोहिया इमरजेंसी में भर्ती कराई थी। सोमवार दोपहर में जिंदा महिला को मरा समझ कर उसके शव को पुलिस और स्वास्थ्य कर्मी खोज कर रहे थे। उसी बीच वार्ड में भर्ती अज्ञात महिला चुपचाप वहां से चली गई। वह दोपहर 12 बजे तक अस्पताल में रही। इसके बाद मौका पाकर वह अस्पताल से चली गई थी।

Next Story