उत्तर प्रदेश

Badaun में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, गांव में फैली दहशत

Tara Tandi
13 April 2025 7:49 PM IST
Badaun में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प, गांव में फैली दहशत
x
Kunwargaon कुंवरगांव । मामूली कहासुनी के चलते कुंवरगांव क्षेत्र के गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। पथराव और कई राउंड हवाई फायरिंग हुई। तीन महिलाएं घायल हुईं। दो वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुईं। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची। दो पक्ष शांत हुए। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। गांव में तनावपूर्ण शांति है। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार को दोनों पक्ष में विवाद के बाद समझौता हुआ था लेकिन फिर रविवार को वह फिर से आमने-सामने आ गए थे।
मामला कुंवरगांव क्षेत्र के गांव दुगरैया का है। शनिवार शाम गांव निवासी शहनबाज का गांव के रिफाकत अली से गली से बाइक निकालने को लेकर झगड़ा हो गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी। दोनों पक्ष को थाने बुलाया गया था। जहां दोनों पक्ष के दो लोगों को हवालात में बंद कर दिया था। जिसके बाद दोनों पक्षों का समझौता करा दिया गया। पुलिस ने दोनों लोगों को छोड़ दिया लेकिन रविवार सुबह दोनों पक्ष एक बार फिर से आमने-सामने आ गए। जमकर पथराव हुआ। शहनवाज के घर की महिलाओं पर दूसरे पक्ष ने पत्थर बरसाए। उनकी बहन नाजिया को पकड़ लिया। लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। मौके पर तमंचों से फायरिंग हुई। पथराव में खुशनसीब और साजिया भी घायल हो गईं। गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। दोनों पक्ष के लोग घर में छिप गए।
पुलिस ने घायल तीनों महिलाओं को जिला अस्पताल भेजा। घटना के दो वीडियो वायरल हुए। एक वीडियो में रिफाकत अली पक्ष के दर्जनों लोग लाठी-डंडे लेकर महिलाओं को पीटते नजर आ रहे हैं और दूसरी वीडियो में शहनवाज पक्ष का एक युवक तमंचा लेकर फायरिंग करता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर पुलिस शनिवार को मामला हल्के में न लेती और बिना कार्रवाई के थाने से न छोड़ती तो रविवार को इतना बढ़ा विवाद न होता। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि गांव दुगरैया में दो पक्ष में विवाद हो गया था। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।
Next Story