- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मेरठ में कांवड़ियों के...
मेरठ में कांवड़ियों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने अफवाहों का किया खंडन

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों को पुलिस की जीप से दो युवकों को बाहर निकालकर उनके साथ मारपीट करते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि पीटे गए लोग सादी वर्दी में पुलिसकर्मी थे। हालांकि मेरठ पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह भ्रामक बताया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना दौराला थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) पर 2 और 3 अगस्त की रात हुई। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि एक कांवड़िया गंगाजल लेने जा रहा था, जबकि दूसरा हरिद्वार से जल लेकर लौट रहा था। इसी दौरान दोनों की मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई, जिसके बाद कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाकर चिकित्सीय परीक्षण कराया। बाद में समझाइश देकर दोनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत या तहरीर नहीं दी, इसलिए इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
मेरठ पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे दावे तथ्यात्मक नहीं हैं। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की बात गलत है और प्रथम दृष्टया यह दो कांवड़ियों के बीच हुए विवाद का मामला है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी वीडियो या संदेश को साझा न करें।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। कांवड़ यात्रा को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत रखी जा रही है।





