उत्तर प्रदेश

Uttar Pradesh: खेत में काम कर रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला

Sarita
6 Sept 2025 8:37 AM IST
Uttar Pradesh: कतर्नियाघाट के मुर्तिहा में तेंदुए के हमले का मामला सामने आया है। मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के सेमरी घटही के निबिया पुरवा गांव में दोपहर 2 बजे एक महिला अपने खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुआ अचानक उस पर हमला कर दिया। इस दौरान महिला ने तेंदुए से संघर्ष कर अपनी जान बचाई। महिला की चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिन्हें देखकर तेंदुआ भाग गया। घायल अवस्था में महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
पूरा मामला मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे निबिया पुरवा गांव में 45 वर्षीय कल्याणी निषाद अपने खेत में काम कर रही थीं, तभी पीछे से एक तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिला के चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं। इस दौरान महिला ने तेंदुए से संघर्ष कर अपनी जान बचाई।
महिला का शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और उन्हें देखकर तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर सेमरी घाटी के पूर्व प्रधान रामचंद्र चौरसिया, समाजसेवी सोनालाल मिश्रा, भाजपा युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष सुधाकर मिश्रा, केशव राम साहू और हजरत अली मौके पर पहुंचे और वन कर्मियों को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर वन दरोगा गणेश शंकर शुक्ला और बीट वॉचर संजय मौके पर पहुंचे। उन्होंने डायल 108 एंबुलेंस बुलाकर महिला को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर भेजा। तेंदुए के हमले से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के इलाके में काफी समय से तेंदुए की मौजूदगी बनी हुई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।
Next Story