उत्तर प्रदेश

UPTET 2026 का रिजल्ट जारी प्राथमिक स्तर में 80.07% अभ्यर्थी सफल

Gulabi Jagat
27 Aug 2026 8:11 AM IST
UPTET 2026 का रिजल्ट जारी प्राथमिक स्तर में 80.07% अभ्यर्थी सफल
x

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म करते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने परीक्षा के नतीजे जारी किए हैं। जारी परिणाम के अनुसार, प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा में 80.07 प्रतिशत अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) में 71.85 प्रतिशत उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है।

खास बात यह है कि पहले से नौकरी कर रहे शिक्षकों में भी बड़ी संख्या में लोग पास हुए हैं. प्राथमिक स्तर के 93,387 और उच्च प्राथमिक स्तर के 1,13,384 कार्यरत शिक्षक इस परीक्षा में सफल रहे हैं.
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि इस परीक्षा के लिए कुल 19 लाख 94 हजार 661 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था. इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए परीक्षा एक दिन में कराना संभव नहीं था, इसलिए इसे 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को कुल 5 पालियों में आयोजित किया गया. यह परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 केंद्रों पर हुई, ताकि सभी अभ्यर्थियों को अपने आसपास ही परीक्षा देने का मौका मिल सके.
अगर आंकड़ों की बात करें तो उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 7,59,513 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए हैं. वहीं प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से 5,71,435 अभ्यर्थी पास हुए हैं.इसके अलावा जो शिक्षक पहले से स्कूलों में पढ़ा रहे हैं, उनके लिए भी यह परीक्षा अहम रही. प्राथमिक स्तर पर 1,22,405 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 93,387 शिक्षक यानी 76.29 प्रतिशत सफल रहे. उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षकों ने परीक्षा दी, जिनमें से 1,13,384 शिक्षक यानी 77.45 प्रतिशत पास हुए हैं.
आयोग ने यह भी साफ किया कि परिणाम तैयार करते समय विज्ञापन के बिंदु 09 में तय की गई तुलनात्मक मूल्यांकन प्रक्रिया, यानी नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया गया है, ताकि सभी पालियों में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को बराबर मौका मिल सके. आयोग अध्यक्ष ने यह भरोसा भी दिलाया कि पूरी परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई गई. आयोग ने बताया कि अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं. अब जो अभ्यर्थी सफल हुए हैं, उनके लिए आगे की भर्ती प्रक्रिया का रास्ता खुल गया है.
Next Story