- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- UP Weather :अगले 72...
उत्तर प्रदेश
UP Weather :अगले 72 घंटे में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा,IMD का येलो अलर्ट जारी
Sarita
5 Jan 2026 9:24 AM IST

x
UP Weather : उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने आम जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के करीब एक दर्जन से ज्यादा जिलों में हालात ऐसे हैं कि रात ही नहीं, दिन के समय भी लोग गलन भरी ठंड से कांप रहे हैं। जिन इलाकों में दिन में धूप निकल रही है, वहां भी बर्फीली हवाओं की वजह से ठंड से राहत नहीं मिल पा रही है। तेज सर्द हवाओं के चलते प्रदेश के कई शहरों में दिन के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे का यह दौर लगातार बना रहेगा।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार, 5 जनवरी को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन शाम होते ही ठंड और गलन फिर से बढ़ जाएगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, बस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली, सोनभद्र, प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, झांसी, महोबा, हमीरपुर, जालौन, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा और ललितपुर में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहेगा। इन जिलों में कई जगहों पर जीरो विजिबिलिटी की स्थिति भी बन सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ने की आशंका है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार की सुबह हल्के कोहरे के साथ होगी। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। यह स्थिति अगले 24 घंटे तक बनी रह सकती है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी सुबह कोहरा छाया रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। गाजियाबाद में भी मौसम लगभग ऐसा ही बना रहेगा।बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मौजूदा मौसमी हालात को देखते हुए आने वाले 72 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। हालांकि 7 जनवरी के बाद मौसम में थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
TagsUPWeatherIMDयेलो अलर्टYellow alert जनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





