उत्तर प्रदेश

UP Weather : भीषण ठंड का प्रकोप, 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम का मिजाज

Sarita
9 Jan 2026 7:42 AM IST
UP Weather :  भीषण ठंड का प्रकोप, 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम का मिजाज
x
UP Weather : उत्तर प्रदेश में भीषण ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। बर्फीली हवाओं ने रात ही नहीं बल्कि दिन के समय भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। गुरुवार शाम को प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे वाराणसी, आजमगढ़, प्रयागराज समेत कई शहरों में पहाड़ों जैसी ठंड महसूस की गई। हालात ऐसे रहे कि दिन में भी लोग कांपते नजर आए और सड़कों पर जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से बचते दिखे। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को इस कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार 9 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आसमान साफ रहेगा, लेकिन पूर्वी यूपी के जिलों में कोहरे और गलन का असर बना रहेगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शुक्रवार को वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती और आसपास के जिलों में घना कोहरा छा सकता है। इन इलाकों में 200 से 500 मीटर तक दृश्यता रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही इन जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बने रहने की आशंका है।
राजधानी लखनऊ के लोगों को आज कोहरे से राहत मिलने की संभावना है, लेकिन सुबह और शाम के समय बर्फीली हवाओं के कारण गलन बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि अगले दो दिनों बाद तापमान में फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है।
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के कोई खास आसार नहीं हैं। नोएडा में सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिलेगा, लेकिन पूरे दिन ठंडी हवाओं के कारण लोग गलन से परेशान रहेंगे। आज नोएडा में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम 17
डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है
। गाजियाबाद में भी तापमान लगभग इसी स्तर पर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक एनसीआर के लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलेगी।मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। इनमें वाराणसी, बरेली, नोएडा, सुल्तानपुर, झांसी, कानपुर, आजमगढ़ और आगरा जैसे जिले शामिल हैं। मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद फिर से ठंड बढ़ने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
Next Story