उत्तर प्रदेश

Up News : गन्ने के खेत में तेंदुए के हमले से युवती की दर्दनाक मौत

Sarita
18 Jan 2026 9:41 AM IST
Up News : गन्ने के खेत में तेंदुए के हमले से  युवती की दर्दनाक मौत
x
Up News : उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बढ़या मुस्तकील गांव के टोला गेठीहवा में खेत की ओर गई एक युवती पर गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद तेंदुआ युवती को घसीटते हुए खेत के अंदर ले गया। गंभीर हालत में युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।शनिवार शाम करीब चार बजे बढ़या मुस्तकील गांव के टोला गेठीहवा निवासी आबिद अली की बेटी शैरुन निशा (20) गांव के पूरब सिवान स्थित खेत की ओर निकली थी।
उसी दौरान, गन्ने के घने खेत में शिकार की तलाश में पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। तेंदुआ युवती को लगभग पांच मीटर तक खेत के अंदर खींच ले गया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और भय का माहौल बन गया है।निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक मौजूद रही। परिजनों से घटना की पूरी जानकारी लेकर वन विभाग के साथ मिलकर जांच की जा रही है। मृत युवती के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामला दर्ज कर लिया गया है।घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है।
ग्रामीणों ने अकेले खेतों की ओर जाना बंद कर दिया है और बच्चों व महिलाओं को बाहर निकलने से रोका जा रहा है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़ने और इलाके में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Next Story