उत्तर प्रदेश

UP News: युवक की हत्या कर बिल्डिंग में फेंका शव

Sarita
25 Dec 2025 10:09 AM IST
UP News: युवक की हत्या कर  बिल्डिंग में फेंका शव
x
UP News: बहजोई में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने युवक की हत्या कर उसका शव हाईवे किनारे चांदनी चौक मार्केट में बने अधबने भवन में फेंक दिया। मौके से खून से सनी ईंट, खुला बैग और कपड़े बरामद हुए हैं। सूचना पर एएसपी अनुकृति शर्मा और सीओ डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
बुधवार सुबह मोहल्ला चांदनी चौक में बनी दुकानों के बीच अधबने भवन में करीब 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा होने की जानकारी लोगों को हुई। शव की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कर उसे यहां फेंका गया। शव के पैर नीचे की ओर लटके और शरीर ऊपर की तरफ पड़ा था।
सिर के नीचे खून फैला था। बालों और आधे चेहरे पर भी खून लगा होने के कारण मृतक की पहचान नहीं हो पाई। मृतक काले रंग की पेंट और जर्सी पहने हुए था। उसके पैरों में जूते या चप्पल नहीं थे। शव के पास नीले रंग का खुला बैग पड़ा मिला। उसमें कुछ गर्म कपड़े थे।वहीं पास में खून से सनी एक ईंट भी मिली है, जिससे हत्या किए जाने की आशंका और गहरी हो गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी इंस्पेक्टर संत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।
घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश में जुटी है।
Next Story