- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up News: युवक ने चिकन...
उत्तर प्रदेश
Up News: युवक ने चिकन की जगह खा ली कॉकरोच बिरयानी, मचा हंगामा
Sarita
13 Jun 2025 8:41 AM IST

x
Up News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के कमालपुर बाईपास स्थित चिकन बिरयानी की दुकान पर उस समय हंगामा मच गया जब बिरयानी खाने आए एक युवक को खाने में कॉकरोच मिला। यह घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे की है। मोहल्ला रघुवीर पुरी निवासी हिमांशु गुप्ता नामक युवक जब चिकन बिरयानी खाने के लिए दुकान पर गया तो उसने प्लेट में परोसी गई बिरयानी में मरा हुआ कॉकरोच देखा। यह देखकर वह घबरा गया और मौके पर ही उल्टी करने लगा, जिससे उसकी तबीयत भी बिगड़ गई।
कॉकरोच मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हिमांशु ने जब दुकानदार से शिकायत की तो दुकानदार ने स्पष्टीकरण देने की बजाय हिमांशु पर ही दुकान को बदनाम करने के लिए जानबूझकर कॉकरोच डालने का आरोप लगा दिया।
हंगामे के बाद हिमांशु ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दुकान मालिक अपनी दुकान बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने दुकान पर मौजूद अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की और दुकान की साफ-सफाई व स्थिति का निरीक्षण किया।
पीड़ित हिमांशु ने गांधी पार्क थाने में दुकान मालिक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बिरयानी में कॉकरोच, दुकानदार द्वारा धमकाने और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और इस संबंध में खाद्य विभाग को भी सूचित कर दिया गया है। विभाग दुकान की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच करेगा।
Next Story





