उत्तर प्रदेश

Up News: फैक्ट्री की लिफ्ट में फंसी मजदूर की गर्दन, मौत

Sarita
8 Oct 2025 6:18 AM IST
Up News: फैक्ट्री की लिफ्ट में फंसी मजदूर की गर्दन, मौत
x
Up News: जिले के रनिया इलाके से एक दुखद खबर सामने आई है, जहाँ एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक की गर्दन लिफ्ट में फंस गई। युवक की गर्दन धड़ से अलग हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँची और साक्ष्य जुटाए। शव को बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दरअसल, जिले के रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओमराज फूड फैक्ट्री में मंगलवार को एक मजदूर की लिफ्ट में फंसकर मौत हो गई। मृतक की पहचान निखिल मिश्रा के रूप में हुई है, जिसकी गर्दन लिफ्ट में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई। औरैया जिले के आटा गाँव निवासी गिरीश मिश्रा का बेटा निखिल मिश्रा पिछले तीन महीने से ओमराज फूड फैक्ट्री में काम कर रहा था। मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह काम पर पहुँचा ही था कि उसका सिर और गर्दन फैक्ट्री की खुली लिफ्ट में फंस गए।
परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और मजदूरों को सुरक्षा किट भी नहीं दी गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय, सीओ संजय वर्मा और थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गैस कटर से लिफ्ट काटकर मजदूर का शव बाहर निकाला। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
घटना के बाद कंपनी प्रबंधन मौके से फरार हो गया, जिससे परिजनों का गुस्सा और भड़क गया। गुस्साए परिजन मृतक को मुआवजा देने और फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फैक्ट्री के उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। रनिया पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Next Story