उत्तर प्रदेश

Up News: पत्नी किसी और से बात करती थी, पति ने गला हत्या कर खुद भी कर ली आत्महत्या

Sarita
7 Oct 2025 7:51 AM IST
Up News: पत्नी किसी और से बात करती थी, पति ने गला हत्या कर खुद भी कर ली आत्महत्या
x
Up News: जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित बंबुरिहा गाँव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने सबको चौंका दिया। बाबू राम गौतम (38) ने कथित तौर पर अपनी पत्नी शांति (40) की गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
बंबुरिहा गाँव निवासी बाबू राम गौतम की पहली शादी 2009 में साढ़ थाना क्षेत्र निवासी ननकी से हुई थी, जिनसे उनकी दो बेटियाँ चंदन और लाली हैं। ननकी ने लगभग नौ साल पहले उन्हें छोड़ दिया था। इसके बाद, 2018 में बाबू राम ने शांति से दूसरी शादी कर ली, जिससे उनके दो बेटे अंकुश और अर्पित और एक बेटी नित्या है। परिजनों के अनुसार, शांति पिछले दो महीनों से किसी अनजान व्यक्ति से फोन पर बातचीत कर रही थी, जिससे दंपति के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। शांति उससे शादी करने की भी बात कर रही थी।
बाबू राम की बेटी लाली ने बताया कि रविवार शाम को इसी बात को लेकर उसके माता-पिता में तीखी बहस हुई थी। रात का खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए। सोमवार सुबह जब परिवार जागा तो शांति का शव ज़मीन पर पड़ा था और बाबू राम का शव दुपट्टे से छत की कुंडी से लटका हुआ था। बेटियों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए और एक ग्रामीण ने पुलिस को सूचना दी।
महाराजपुर पुलिस और एक फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुँची और जाँच शुरू की। शांति के गले पर निशान पाए गए, जिससे प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि बाबू राम ने दुपट्टे से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या की और फिर उसी दुपट्टे से खुद को फांसी लगा ली। पुलिस ने बताया कि घटना वाले दिन शांति के मोबाइल पर किसी अनजान नंबर से कॉल आया था। फोन जब्त कर लिया गया है और कॉल डिटेल की जाँच शुरू कर दी गई है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक जाँच से मामले में और स्पष्टता मिलने की उम्मीद है।
Next Story