उत्तर प्रदेश

Up News: शादी की खुशियों को मातम, बारात के दौरान जर्जर मकान गिरने से बच्ची की मौत

Sarita
30 April 2025 12:47 PM IST
Up News:  शादी की खुशियों को मातम, बारात के दौरान जर्जर मकान गिरने से  बच्ची की मौत
x
Up News: जिले के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के सीतारामपुर गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। राम श्रीवास्तव के घर आई बारात के दौरान पास के जर्जर मकान का छज्जा अचानक गिर गया। इस हादसे में एक मासूम पांच साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 30 से 35 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मिली जानकारी के मुताबिक देर रात जब बारात गांव पहुंची तो महिलाएं बारात देखने के लिए पास के एक पुराने मकान के छज्जे पर चढ़ गईं। तभी अचानक वह छज्जा गिर गया। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मुंशीगंज संजय गांधी अस्पताल, जिला अस्पताल और रायबरेली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज चल रहा है और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मरने वाली बच्ची बारात के परिवार की दूर की रिश्तेदार थी। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया और घायलों के इलाज की व्यवस्था की। पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है। गांव के लोग इस हादसे के लिए जर्जर भवन की अनदेखी और लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर मकानों की सूची बनाई जाए और समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
Next Story