उत्तर प्रदेश

Up News:भैंस के सींग लादकर ले जा रहे ट्रक में ग्रामीणों ने लगायी आग

Sarita
8 Aug 2025 6:21 AM IST
Up News: जिले में भैंस के सींग ले जा रहे एक ट्रक में ग्रामीणों ने विवाद के बाद आग लगा दी। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने गुरुवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि थाना कलां क्षेत्र में जलालाबाद-बदायूं मार्ग पर सुबह एक ट्रक में भैंस के सींग ले जाए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि जब यह ट्रक वरकला के पास पहुंचा तो ग्रामीणों ने ट्रक को मौके पर ही रोक लिया। लोगों को शक था कि ट्रक में गोमांस है, इसलिए वहां मौजूद लोगों ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, जिसे लेकर ट्रक चालक से विवाद हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। बाद में उसके टायरों में आग लगा दी गई। द्विवेदी ने बताया कि दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाई। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ ट्रक में आग लगाने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
द्विवेदी ने बताया कि मौके पर एक पशु चिकित्सक को बुलाया गया और उनकी जांच में पाया गया कि ट्रक में लदे सींग भैंस के थे। इसके बाद भी उन्होंने सींग का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में अन्य कानूनी कार्यवाही चल रही है।
Next Story