उत्तर प्रदेश

UP News: अज्ञात वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

Sarita
10 July 2025 9:23 AM IST
UP News: अज्ञात वाहन ने ऑटो को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत
x
UP News: आगरा के एत्मादपुर में यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 162.6 पर बुधवार रात भीषण हादसा हुआ। अज्ञात भारी वाहन की ऑटो में टक्कर लगने से महिला समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ऑटो को खंदौली इंटरचेंज से एक्सप्रेसवे पर लाया था। सभी को ताजगंज के तोरा गांव जाना था। लेकिन, ऑटो की बैटरी डाउन होने पर उसे किनारे खड़ा कर दिया, तभी पीछे से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को ट्रांस यमुना स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घटना रात करीब 9:45 बजे की है।
तोरा गांव निवासी बबलू ने बताया कि उसके साले के ससुर की मौत हो गई थी। वह मथुरा के दाऊजी स्थित जरौठी गांव में रहते थे। बुधवार को तेरहवीं का समारोह था। इसमें शामिल होने के लिए सुबह गांव से उनके छोटे भाई कन्हैया, चचेरे भाई राजू, कन्हैया की पत्नी कमलेश देवी, रिश्तेदार केशव, उसकी पत्नी राधा, ड्राइवर और दो अन्य लोग गए थे। रात में ऑटो से लौट रहे थे। खंदौली स्थित इंटरचेंज से ड्राइवर ऑटो को यमुना एक्सप्रेसवे पर ले आया। वह ऑटो को कुबेरपुर इनर रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड पर ले जा रहा था।
रास्ते में किलोमीटर संख्या 162.6 पर ऑटो की बैटरी डाउन हो गई। ड्राइवर ने ऑटो को किनारे खड़ा कर दिया। सभी लोग बैठे थे। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। इससे ऑटो पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर एत्मादपुर थाना पुलिस आ गई। कमलेश देवी (45) और राजू (40) की मौके पर ही मौत हो गई। केशव, राधा समेत 5 लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कन्हैया राजमिस्त्री है। उसके दो बच्चे हैं। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। मृतक राजू फूलों की सजावट का काम करता था। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
Next Story