उत्तर प्रदेश

UP News : सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर लौट रहे किशोर की चाकू घोंपकर हत्या

Sarita
27 Jun 2025 10:03 AM IST
UP News : सांस्कृतिक कार्यक्रम देखकर लौट रहे किशोर की चाकू घोंपकर हत्या
x
UP News : बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के टोला फकरू राय गांव में गवनई कार्यक्रम देखकर लौट रहे एक किशोर की उपद्रवी युवकों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने शव को शिवन टोला चट्टी पर रखकर एनएच-31 जाम कर दिया। काफी समझाने के बाद पुलिस जाम खुलवाने में सफल हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बैरिया थाना क्षेत्र के टोला शिवन राय निवासी हरेंद्र यादव का पुत्र गोलू यादव गुरुवार की रात करीब डेढ़ बजे टोला फकरू राय में हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखकर घर लौट रहा था। कुछ दूर पहुंचने पर युवकों ने उसे खींच लिया और चाकू से वार कर दिया।
जिससे गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो वे मौके पर पहुंचे और लहूलुहान गोलू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को शिवन टोला चट्टी पर रखकर एनएच 31 को जाम कर दिया।सूचना मिलने पर बैरिया थाना क्षेत्र समेत जिले के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दो घंटे बाद एसडीएम आलोक प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी मोहम्मद फहीम, क्षेत्राधिकारी सदर मोहम्मद उस्मान मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शव पुलिस को सौंप दिया।
Next Story