उत्तर प्रदेश

Up News: रोटी मांगने पर सौतेली मां ने बच्चे को बेरहमी से मार डाला

Sarita
31 Aug 2025 10:46 AM IST
Up News: रोटी मांगने पर सौतेली मां ने बच्चे को बेरहमी से मार डाला
x
Up News: उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक सौतेली मां ने 8 साल के बच्चे की सिर्फ इसलिए बेरहमी से हत्या कर दी क्योंकि उसने भूख लगने पर रोटी मांगी थी। आरोपी महिला ने पहले बच्चे को चिमटे से जलाया और फिर बेलन से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
यह घटना श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न दिगुरा जोत थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव की है। मृतक बच्चे दीपक के पिता राजकुमार मुंबई में मजदूरी करते हैं और काफी समय से घर से बाहर हैं। दीपक गांव में अपनी सौतेली मां के साथ रह रहा था। घटना वाले दिन जब दीपक ने भूख लगने की बात कहकर रोटी मांगी तो महिला आगबबूला हो गई। गुस्से में उसने पहले उसे चिमटे से जलाया और फिर बेलन से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। लगातार पिटाई से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चे की मौत की खबर फैलते ही गांव में लोग जमा हो गए और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर फोरेंसिक टीम को बुलाकर सारे सबूत इकट्ठा किए। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत की पुष्टि हो सके। पुलिस ने आरोपी सौतेली माँ को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। ग्रामीणों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में गुस्से और गम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी भी माँ से ऐसी क्रूरता की उम्मीद नहीं की जा सकती।
फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और लोग मासूम दीपक के लिए न्याय की माँग कर रहे हैं।
Next Story