उत्तर प्रदेश

UP News: बाबा विश्वनाथ धाम में महिलाओं के लिए खास इंतजाम, अब आसानी से कर सकेंगी दर्शन-पूजन

Sarita
7 March 2025 9:25 AM IST
UP News: बाबा विश्वनाथ धाम में महिलाओं के लिए खास इंतजाम, अब आसानी से कर सकेंगी दर्शन-पूजन
x
UP News: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर इस वर्ष शनिवार 8 मार्च को श्री काशी विश्वनाथ धाम प्रशासन ने महिला श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। इस व्यवस्था के तहत महिलाओं को बाबा विश्वनाथ के सुगम दर्शन की सुविधा प्रदान की जाएगी।
महिलाएं अब आसानी से बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजन कर सकेंगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण ने बताया कि इस दिन गेट नंबर 4-बी से महिला श्रद्धालुओं को सुगम प्रवेश मिलेगा। इसके जरिए वे सुगमता से बाबा विश्वनाथ के दर्शन और पूजन कर सकेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि सनातन सभ्यता महिलाओं को देवी स्वरूपा पूज्य मानती है और मंदिर प्रशासन का प्रयास है कि इस दिन उन्हें विशेष सुविधा प्रदान की जाए। इस व्यवस्था के तहत काशीवासियों को सुबह गेट नंबर 4-बी से और शाम को चार से पांच बजे तक सुगम दर्शन का लाभ मिलता है। इसके अलावा शेष समय में महिलाएं अकेले या अपने बच्चों के साथ आकर बाबा के दर्शन और पूजन कर सकती हैं।
जनवरी-फरवरी में रिकॉर्ड संख्या में भक्तों ने किए बाबा के दर्शन
इस वर्ष जनवरी और फरवरी में श्री काशी विश्वनाथ धाम में 2.87 करोड़ भक्तों ने बाबा के दर्शन किए। भक्तों की इस रिकॉर्ड संख्या का कारण प्रयागराज महाकुंभ भी रहा। महाकुंभ के दौरान बड़ी संख्या में भक्तों का काशी में हुजूम उमड़ा, जिससे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या में भारी इजाफा हुआ। एक जनवरी से 28 फरवरी (59 दिन) तक 2,87,11,233 भक्त बाबा के दर्शन को आए। महाकुंभ शुरू होने से पहले 11 जनवरी से लेकर महाकुंभ खत्म होने के बाद 28 फरवरी तक 2,67,13,004 भक्तों ने मंदिर में दर्शन किए।
महाशिवरात्रि पर मंदिर में दर्शन करने वालों की संख्या और भी ज्यादा रही। इस दिन मंदिर के कपाट लगातार 46.45 घंटे तक खुले रहे और दर्शन निर्बाध रूप से होते रहे। इस दौरान 18,85,862 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। इनमें से 11,69,553 श्रद्धालुओं ने महाशिवरात्रि पर सुबह से लेकर चार प्रहर की चौथी आरती तक दर्शन किए। वहीं 27 फरवरी को रात तक 7,16,309 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस प्रकार बाबा विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और महिला श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष व्यवस्था उन्हें और अधिक सुविधा प्रदान करेगी।
Next Story