उत्तर प्रदेश

Up News: बेटे ने पिता और भाई को मारी गोली, मौत

Sarita
14 April 2025 8:14 AM IST
Up News: बेटे ने पिता और भाई को मारी गोली,  मौत
x
Up News: कूरेभार थाना क्षेत्र के शाहरी गांव में रविवार देर शाम रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक सनकी बेटे ने जमीनी विवाद में अपने ही वृद्ध पिता और सगे भाई को गोली मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच में जुटे हैं। वहीं एहतियात के तौर पर गांव में आसपास के कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है। शाहरी गांव में जमीनी विवाद के चलते काशीराम (70) पुत्र गोकुल प्रसाद और उनके बेटे सत्य प्रकाश यादव (40) को देर शाम छोटे बेटे अजय ने अचानक तमंचे से गोली मार दी।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को सीएचसी लाया गया, जहां से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कूरेभार थाने की पुलिस के साथ ही आसपास के थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। पूरे गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सीओ सौरभ सामंत ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह खुद गांव पहुंचकर जांच कर रहे हैं और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ले रहे हैं। फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। शुरुआती जांच में इस दोहरे हत्याकांड की वजह जमीनी रंजिश मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है |
Next Story
null