उत्तर प्रदेश

Up News: पिता की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर सका बेटा, शव ले जाते समय आया हार्ट अटैक

Sarita
24 March 2025 10:50 AM IST
Up News: पिता की मौत का गम बर्दाश्त नहीं कर सका बेटा, शव ले जाते समय आया  हार्ट अटैक
x
UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजन उसके शव को एंबुलेंस से घर ले जा रहे थे, जबकि बेटा बाइक से पीछे-पीछे चल रहा था. इस दौरान बेटा अचानक गिर पड़ा और फिर उठ नहीं सका. दरअसल, वह अपने पिता की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सका और हार्ट अटैक से उसकी भी मौत हो गई. पिता की मौत के बाद से बेटा सदमे में था. मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना कानपुर के चमनगंज इलाके की है|
जहां लईक अहमद नाम के व्यक्ति की तबीयत पहले से ही खराब थी और गुरुवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन आनन-फानन में उसे एक नर्सिंग होम ले गए और इलाज कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बेटे अतीक को पिता की मौत पर यकीन नहीं हुआ और वह पिता के शव को एंबुलेंस से कार्डियोलॉजी अस्पताल ले गया, यह सोचकर कि शायद उसके पिता की सांसें अभी चल रही होंगी. लेकिन डॉक्टरों ने उसे बताया कि अब्बू की मौत हो चुकी है. बेटे अतीक को दिल का दौरा पड़ा
बताया जा रहा है कि इसके बाद अतीक ने पिता के शव को एंबुलेंस से घर भिजवाया और एक रिश्तेदार के साथ बाइक पर आ रहा था। अचानक अतीक रास्ते में गिर पड़ा और उठ नहीं सका। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अतीक को दिल का दौरा पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई।
पिता की मौत की खबर सबसे पहले परिवार को दी गई, और कुछ देर बाद बेटे अतीक की मौत की खबर भी परिवार तक पहुंच गई। इस घटना से परिवार में मातम और कोहराम मच गया। शाम को दोनों का जनाजा एक साथ घर से निकाला गया। पिता और बेटे के शवों को एक साथ दफनाया गया, जिसे देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। मृतक के रिश्तेदार सलीम ने बताया कि मोहम्मद लईक के दो बेटे थे, और अतीक सबसे छोटा था। वह शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी थी। अतीक अपने पिता से बहुत जुड़ा हुआ था, और इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाया, जिसके कारण उसे दिल का दौरा पड़ा।
Next Story