उत्तर प्रदेश

Up News: मोबाइल टावर लगाने के बहाने ठगे करोड़ों रुपये, छह ठग गिरफ्तार

Sarita
28 Jun 2025 8:17 AM IST
Up News: मोबाइल टावर लगाने के बहाने ठगे करोड़ों रुपये, छह ठग गिरफ्तार
x
Up News: बरेली में फर्जी बीएसएनएल अधिकारी बनकर लोगों को मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक गिरोह को बारादरी थाना पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस और एसओजी टीम के संयुक्त ऑपरेशन के बाद शुक्रवार को सीओ तृतीय ने कई जिलों में फैले गिरोह और उसके नेटवर्क का खुलासा किया। छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी अब तक सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।
बारादरी थाने में सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि एसएसपी को सूचना मिली थी कि कुछ जालसाज बरेली में मोबाइल टावर लगाने की योजना चला रहे हैं। ये लोग अपना सामान समेटकर जल्द ही भागने वाले हैं। सूचना मिलने पर एसएसपी ने टीम गठित की। बारादरी थाने और एसओजी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह बीसलपुर चौराहे के पास छापा मारकर छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया। आरोपियों के पास से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन, स्कैनर, फर्जी दस्तावेज, कार और दो बाइक समेत भारी मात्रा में सामान बरामद हुआ है।
बारादरी पुलिस ने पीलीभीत जिले के बीसलपुर निवासी इरफान, शाहजहांपुर के कटरा निवासी राजित उर्फ ​​रजत, लखीमपुर खीरी के मझगई निवासी वाजिद, आशिक अली व शाकिर अली, शाहजहांपुर के खुदागंज निवासी फईम को गिरफ्तार किया है। जबकि शाहजहांपुर के देवरास निवासी तहसीन मौके से फरार हो गया। जगतपुर चौकी इंचार्ज सनी चौधरी ने सभी आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खुद को बीएसएनएल अधिकारी बताकर लोगों को भरोसे में लेते थे। इनमें कोई अधिकारी, कोई क्लर्क तो कोई सर्वेयर बन जाता था। ये लोग खेत या मकान का सर्वे करने के नाम पर भी ठगी करते थे। लोगों को झांसा देते थे कि टावर लगाने पर उन्हें कंपनी से हर महीने एकमुश्त किराया मिलेगा।
Next Story