उत्तर प्रदेश

Up News: कुल्हाड़ी से हमला कर रिटायर्ड शिक्षक की हत्या

Sarita
24 Feb 2025 7:14 AM IST
Up News: कुल्हाड़ी से हमला कर रिटायर्ड शिक्षक की हत्या
x
Up News: उत्तर प्रदेश के जालौन में एक रिटायर्ड शिक्षक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। हत्यारा मृतक के स्कूल का पूर्व प्रिंसिपल है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। हत्या करने वाले पूर्व प्रिंसिपल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। घटना की जांच की जा रही है।
यूपी के जालौन में तीन निजी स्कूलों के संचालक रिटायर्ड शिक्षक की स्कूल के पूर्व प्रिंसिपल ने उस समय पीछे से सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी, जब वह सड़क किनारे पुलिया पर बैठकर योग कर रहे थे। इस घटना में सिर धड़ से अलग हो गया। इस जघन्य हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा भी किया।
घटना रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिलौआ जागीर की है। यहां के निवासी 70 वर्षीय विद्याराम आजाद सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। वह क्षेत्र में तीन निजी विद्यालय भी संचालित करते हैं। रोजाना की तरह रविवार सुबह वह गांव से करीब 200 मीटर दूर भीमनगर ऊंचा की ओर माइनर पुलिया पर बैठकर योग कर रहे थे। उसी समय उनके विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य ने कुल्हाड़ी से विद्याराम के सिर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
घटना के दौरान वहां लोग मौजूद थे, जो घटना को देखकर घबरा गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। ग्रामीणों की भीड़ जुटती देख हमलावर मौके से भाग निकला। सूचना मिलने पर सीओ माधौगढ़ राम सिंह, रामपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कटियार के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच करने के बाद फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जब मृतक के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। उन्होंने मौके पर
पहुंचकर
विरोध जताया और हंगामा किया। पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उससे पूछताछ भी शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार भी जांच करने मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि मृतक विद्या राम के गांव में तीन स्कूल हैं, जिनकी देखरेख वह और उसकी पत्नी प्रेमा देवी कर रहे थे।
उनके एक स्कूल के प्रिंसिपल राम खिलावन थे, जिन्हें अनियमितताओं के चलते हटा दिया गया था। जिसके चलते दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसके अलावा प्रबंध समिति के चुनाव को लेकर भी कई लोगों से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि राम खिलावन ने अपने साथियों के साथ मिलकर विद्या राम की हत्या की है।इस मामले में माधौगढ़ के सीओ राम सिंह ने बताया कि विद्या राम की हत्या में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक सुबह टहलने निकला था, तभी कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हालात को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई हंगामा न हो सके।
Next Story