उत्तर प्रदेश

Up News: तेज हवाओं के साथ बारिश, कई जगहों पर गिरे ओले

Sarita
2 March 2025 9:26 AM IST
Up News: तेज हवाओं के साथ  बारिश, कई जगहों पर गिरे ओले
x
Up News: पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण शुक्रवार सुबह से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। आसमान में बादल मंडराने लगे थे। हवा चलने से ठंड का एहसास हुआ। दिन में धूप निकलने के बाद तापमान सामान्य हो गया। रात नौ बजे से फिर हवा चलने लगी। आसमान में बादल छाने लगे। शनिवार सुबह करीब चार बजे तेज हवा के साथ आसमान में बिजली चमकने और गड़गड़ाहट शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक तेज बिजली चमकने और गड़गड़ाहट के बाद सुबह पांच बजे बारिश शुरू हो गई। हालांकि बारिश ज्यादा देर तक नहीं हुई। दस से पंद्रह मिनट के बाद बारिश बंद हो गई। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर ओले भी गिरे। खेतों में सफेद चादर बिछ गई। तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में गेहूं और सरसों की फसल गिर गई।
यह देख किसान परेशान दिखे। बारिश के बाद सुबह मौसम सुहाना हो गया। सुबह नौ बजे के बाद धूप निकलने से मौसम सामान्य हो गया। इसके बाद दिनभर धूप खिली रही। हालांकि धूप का असर गुरुवार और शुक्रवार की अपेक्षा कम रहा। जिससे लोगों ने राहत महसूस की। जिले के जहानागंज, मेंहनगर, मेंहनगर, तरावां, पल्हना, लालगंज, देवगांव, मार्टीनगंज, बरदह, दीदारगंज, मिल्कीपुर, पवई, अहरौला, माहुल, फूलपुर, मुहम्मदपुर, अतरौलिया, बूढ़नपुर, महराजगंज, कप्तानगंज, मुबारकपुर, सगड़ी आदि क्षेत्रों में गरज-चमक व तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। तेज हवाओं व बारिश के कारण तार टूटने व फाल्ट होने से नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
नगर के सिधारी, बेलइसा, पल्हनी, कोटवां, नरौली क्षेत्रों में भोर में तीन बजे बिजली गुल हो गई। नगर के मध्य पुरानी सब्जी मंडी, गुरुटोला, कटरा, अनंतपुरा, चौक, कुर्मी टोला में भी भोर में तीन बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। दलालघाट, रैदोपुर, मड़या, सिविल लाइंस क्षेत्र में रात से बाधित विद्युत आपूर्ति दूसरे दिन दोपहर बाद बहाल हो सकी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी फाल्ट होने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बिजली कर्मचारियों को फॉल्ट ढूंढने में काफी समय लग गया। शहर के कई इलाकों में आठ घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह बिजली न होने से सबमर्सिबल नहीं चल पाए। जिससे लोगों को पानी का संकट भी झेलना पड़ा।
Next Story