उत्तर प्रदेश

UP News: मुठभेड़ में साइको किलर गिरफ्तार

Sarita
30 May 2025 11:04 AM IST
UP News:   मुठभेड़ में साइको किलर गिरफ्तार
x
UP News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में पुलिस ने एक साइको किलर को गिरफ्तार किया है. जालौन में 2 लोगों की हत्या करने के बाद उसने हमीरपुर में सो रहे दंपत्ति को निशाना बनाया. जहां पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी थीं और पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उसके दोनों पैरों में गोली मारकर उसे पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी कई बार हत्या के आरोप में जेल जा चुका है और जेल से छूटते ही फिर से हत्या करना शुरू कर देता है. दरअसल जालौन के चिल्ली गांव में रहने वाले चरण सिंह के बेटे रामबाबू विश्वकर्मा ने उसी गांव के अनिल राजपूत के घर में घुसकर उनकी पत्नी गीता देवी और तीन साल की बेटी के सिर पर ट्रैक्टर के साइलेंसर से हमला कर दिया|
जिसमें गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई और अनिल राजपूत और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ के बाद पता चला कि वह एक साइको किलर है. उसने खुद भी कई जुर्म कबूल किए हैं. वह हत्या के लिए लोहे की वस्तु का इस्तेमाल करता था. जब भी वह किसी की हत्या करता तो उसके सिर पर वार करता और तब तक वार करता रहता है जब तक कि व्यक्ति मर न जाए. हत्या करने के बाद खून देखकर खुश होता था।
सीओ राठ राजीव प्रताप सिंह के मुताबिक 30 वर्षीय आरोपी रामबाबू विश्वकर्मा ने जालौन में भी 2 हत्याएं की थीं। उसने लोहे की रॉड से सिर पर हमला करके ये हत्याएं की थीं। वहां उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। जेल से छूटते ही उसने फिर हत्याएं शुरू कर दीं।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने चाचा के ट्यूबवेल में छिपा हुआ है। जिसके बाद पुलिस टीमों ने घेराबंदी शुरू की तो पुलिस को देखकर रामबाबू ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और उसके पास से एक तमंचा, कई कारतूस और हत्या के दौरान पहने खून से सने कपड़े भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी साइको किलर है। हत्या करते समय वह बार-बार सिर पर हमला करता है और हत्या करने का उसका एक ही पैटर्न है। वह सिर्फ सिर को निशाना बनाता है और हमला करने के लिए मुख्य रूप से लोहे की रॉड और वाहनों के भारी पार्ट्स का इस्तेमाल करता है। लोगों के चीखने-चिल्लाने का उस पर कोई असर नहीं होता।
जालौन में उसने ऐसी ही दो हत्याएं की थीं। सीओ राजीव प्रताप की मानें तो रामबाबू शादीशुदा नहीं है। वह अपने पिता चरन सिंह की भी हत्या की कोशिश कर चुका है। लेकिन किसी तरह उसकी जान बच गई। वारदात को अंजाम देने से पहले वह रेकी करता था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देता था। आरोपी जालौन में अपनी बहन के साथ रहता था। यहां वह गोलगप्पे का ठेला लगाता था। 2024 में हत्या के एक मामले में वह जेल से जमानत पर छूटा था। अब उसने हमीरपुर में वारदात को अंजाम दिया है।
Next Story