उत्तर प्रदेश

Up News:हाईवे दुर्घटना में डाक निरीक्षक की मौत

Sarita
9 Oct 2025 7:41 AM IST
Up News:हाईवे दुर्घटना में डाक निरीक्षक की मौत
x
Up News: पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर बाबरी थाना क्षेत्र के बुटराड़ा ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पानीपत निवासी डाक निरीक्षक हरिकृष्ण (40) की मौत हो गई। वह मुजफ्फरनगर में डाक विभाग में कार्यरत थे। मृतक के पिता ने बाबरी थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।हरियाणा के पानीपत स्थित अंसल सुशांत सिटी निवासी हरिकृष्ण पिछले सवा साल से मुजफ्फरनगर में डाक विभाग के पश्चिम मंडल में डाक निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार शाम को वह अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से मुजफ्फरनगर से पानीपत अपने घर लौट रहे थे।
जब वह लालूखेड़ी से थोड़ा आगे बाबरी थाना क्षेत्र के बुटराड़ा ओवरब्रिज पर पहुंचे तो उनकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाबरी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच की। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी गई। देर रात परिजन शामली पहुँचे और शव की शिनाख्त की। मृतक के पिता जयपाल सिंह की बाबरी थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मृतक का आठ साल का एक बेटा और चार साल की एक बेटी है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को पानीपत ले गए। डाक निरीक्षक की मौत से परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।
Next Story