उत्तर प्रदेश

Up News: बस से टकराई पुलिस टीम की कार , दरोगा की मौके पर मौत, 6 घायल

Sarita
21 Jun 2025 6:25 AM IST
Up News:  बस से टकराई पुलिस टीम की कार , दरोगा की मौके पर मौत, 6 घायल
x
Up News : उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पुलिस टीम को ले जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार और निजी बस के बीच टक्कर होने से 35 वर्षीय सब इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि हादसा शुक्रवार सुबह करीब छह बजे बांगरमऊ थाना क्षेत्र में ‘किलोमीटर संख्या 238’ के पास हुआ। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि अमेठी पुलिस टीम एक लापता लड़की को लेकर लौट रही थी। कार में पुलिसकर्मी और लड़की के परिजन भी सवार थे।
उन्होंने बताया कि हादसे में सब इंस्पेक्टर मंजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि हेड कांस्टेबल प्रदीप तिवारी के सिर में चोटें आईं और उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया। कुमार ने बताया कि संतोष, पवन, धर्मेंद्र और दो महिलाओं समेत पांच अन्य को मामूली चोटें आईं और उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। टक्कर के कारण अर्टिगा कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार बहुत तेज गति से चल रही थी और बचावकर्मियों को सिंह का शव निकालने में 30 मिनट से अधिक का समय लगा, जो स्टीयरिंग और सीट के बीच फंसा हुआ था। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और बिहार में पंजीकृत क्षतिग्रस्त बस के यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से ले जाया गया है। पुलिस ने बताया कि बस क्लीनर को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और मालिक को सूचित कर दिया गया है।
Next Story