उत्तर प्रदेश

UP News: दर्दनाक सड़क हादसा कार और ट्रक में टक्कर, तीन की मौत

Sarita
28 Feb 2025 10:53 AM IST
UP News:   दर्दनाक सड़क हादसा कार और ट्रक में टक्कर, तीन की मौत
x
UP News: उत्तर प्रदेश के महोबा में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार की ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मामला महोबा के नेशनल हाईवे (कानपुर-सागर) स्थित श्रीनगर थाना क्षेत्र के बारा गांव का है। बताया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार चकनाचूर हो गई और उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जिला अस्पताल में तैनात डॉ. हेमेंद्र कुमार ने बताया कि एंबुलेंस की मदद से तीन अज्ञात शवों को जिला अस्पताल लाया गया है। इसके अलावा एक महिला को भी घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है, जिसे उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि कार में सवार लोग कहां से आ रहे थे और उन्हें कहां जाना था।
Next Story