उत्तर प्रदेश

UP News: खुफिया जानकारी देने के आरोप में आयुध निर्माणी का कर्मचारी गिरफ्तार

Sarita
20 March 2025 9:27 AM IST
UP News: खुफिया जानकारी देने के आरोप में आयुध निर्माणी का कर्मचारी गिरफ्तार
x
UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी से गुप्त सूचनाएं साझा करने के आरोप में कानपुर स्थित आयुध निर्माणी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि 13 मार्च को आयुध निर्माणी के कर्मचारी रविंद्र कुमार को फिरोजाबाद में पाकिस्तानी एजेंट नेहा शर्मा से खुफिया सूचनाएं साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसी क्रम में एटीएस को सूचना मिली थी कि आयुध निर्माणी कानपुर में जूनियर वर्क्स मैनेजर के पद पर कार्यरत कुमार विकास भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए नेहा शर्मा के संपर्क में है और आयुध निर्माणी की गोपनीय सूचनाएं उसे भेज रहा है।
इसी सूचना पर एटीएस ने कुमार विकास को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी लूडो एप के जरिए पाकिस्तानी एजेंट से बात करता था और पैसों के लालच में उसने आयुध निर्माणी के गोपनीय दस्तावेज, बनाए जा रहे उपकरण, गोला-बारूद, कर्मचारियों का उपस्थिति रजिस्टर, निर्माण कार्य में लगी मशीनों के फोटो आदि पाकिस्तानी एजेंट को भेजे थे। आरोपी कानपुर देहात के बस्ती क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव का मूल निवासी है और वर्तमान में कानपुर नगर के विठूर क्षेत्र में न्यू हाईवे सिटी में रह रहा है।
Next Story