- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up News:ट्रेन से की जा...
उत्तर प्रदेश
Up News:ट्रेन से की जा रही थी अफीम की तस्करी, पांच तस्कर गिरफ्तार
Sarita
24 Jun 2025 8:47 AM IST

x
Up News: बरेली के इज्जतनगर और बारादरी थाना पुलिस ने रविवार रात झारखंड से अफीम लाकर पंजाब में सप्लाई करने वाले पांच तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को कोर्ट में रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि रविवार को बारादरी थाने के दरोगा कुशलपाल और अखिलेश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। सूचना पर पुलिस विकास भवन के पीछे खंडहर में पहुंची। वहां उन्होंने अंधेरे में बैठे तीन लोगों को पकड़ लिया। तीनों ने अपना नाम कृष्ण कुमार उर्फ आशू निवासी मिल्क मझरा थाना भमोरा, तेजपाल निवासी खुर्द फरीदपुर और ताराचंद निवासी ताल गौंटिया थाना फरीदपुर बताया।
सूचना पर सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों के पास से 2 किलो 28 ग्राम अफीम, दो मोबाइल और 3910 रुपये बरामद किए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया है। झारखंड से सस्ती अफीम लाकर उसमें अगरबत्ती, पावर पाउडर आदि मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाकर पंजाब में ले जाकर बेचते हैं। इसकी डिलीवरी पंजाब के लुधियाना में हाईवे पर स्थित वाहे गुरु ढाबा पर पंजाब के तस्करों को करनी थी। उससे पहले ही पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
इज्जतनगर थाना पुलिस और एसओजी ने रेलवे के मॉडर्न कॉलोनी रोड के किनारे से अरविंद कुमार निवासी चंद्रपुर बिचपुरी थाना बिथरी चैनपुर और थाना शाही के गांव गौहाना निवासी हर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक किलो 530 ग्राम अफीम, दो मोबाइल और एक बाइक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे झारखंड राज्य से अच्छी क्वालिटी की अफीम खरीदते हैं। इसे बरेली लाकर इसमें केमिकल मिलाकर इसकी मात्रा बढ़ाकर पंजाब ले जाते हैं। वहां अच्छे दामों पर इसे घूमते-फिरते ग्राहकों को बेच देते हैं।
Next Story





