- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Up News: आठ मामलों में...

x
Up News: रेलवे सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) इटावा को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इटावा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत न्यायालय से फरार चल रहे एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार एवं अपर पुलिस महानिदेशक, रेलवे, लखनऊ के निर्देश पर वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक, रेलवे, आगरा के पर्यवेक्षण में पुलिस उपाधीक्षक, रेलवे एवं प्रभारी निरीक्षक, जीआरपी इटावा, दिनेश प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम को सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित राजेश उर्फ पति कंजर पुत्र कायम सिंह उर्फ बैगनिया, निवासी कोकपुरा, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी, जनपद इटावा (उम्र लगभग 30 वर्ष) इटावा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी एक कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ विभिन्न जिलों के थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और अदालत में भी गैरहाजिर रहता था। पुलिस टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार काम कर रही थीं।
गिरफ्तार आरोपी को कानूनी कार्यवाही पूरी करने के बाद अदालत भेज दिया गया है। जीआरपी इटावा ने बताया कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में गश्त और निगरानी बढ़ाई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश शर्मा ने बताया कि फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं। रेलवे स्टेशनों, प्लेटफार्मों और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। रेल यात्रियों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





