उत्तर प्रदेश

Up News: आपसी विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी

Sarita
4 May 2025 10:40 AM IST
Up News: आपसी विवाद में अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में सनसनी
x
Up News: सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर क्षेत्र में कथित आपसी विवाद में एक व्यक्ति की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि दोस्तपुर थाना क्षेत्र के महाकुड़ तालाब के पास शनिवार रात राम खिलाड़ी (55) नामक व्यक्ति की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि सुरहुरपुर निवासी राम खिलाड़ी खेत में था, तभी मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे और राम खिलाड़ी तथा उसके साथ मौजूद मोतीलाल की लाठी से पिटाई शुरू कर दी।
सिर में गंभीर चोट लगने से राम खिलाड़ी बेहोश हो गया, जिसके बाद हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राम खिलाड़ी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे मोहन लाल ने बताया कि उसके पिता का राम सजीवन नामक व्यक्ति से विवाद था, जिसके चलते उनकी हत्या की गई। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Next Story