उत्तर प्रदेश

UP News: घर बैठे पैसे कमाने के लालच में गंवाए 5.69 लाख रुपये: निवेश के नाम पर युवक से ठगी

Sarita
3 March 2025 9:15 AM IST
UP News: घर बैठे पैसे कमाने के लालच में गंवाए 5.69 लाख रुपये: निवेश के नाम पर युवक से ठगी
x
UP News: साइबर जालसाजों ने घर बैठे पैसे कमाने का लालच देकर एक युवक और युवती से लाखों रुपये ठग लिए। अनवरगंज की एक युवती से 5.69 लाख और रेलबाजार के एक युवक से 66 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़ितों ने साइबर सेल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अनवरगंज फूलवाली गली निवासी दरक्शां अंजुम के मुताबिक एक जनवरी को उनके मोबाइल पर मैसेज आया, जिसमें रेटिंग करके घर बैठे पैसे कमाने का ऑफर दिया गया। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम एप से जोड़कर कुछ टास्क दिए गए। पीड़िता के मुताबिक शुरुआत में जब उन्होंने पैसे लगाए तो उन्हें और पैसे मिले। इसके बाद बड़ा टास्क देने के नाम पर कई किश्तों में 5.69 लाख रुपये जमा करा लिए गए। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब पैसे नहीं मिले तो उन्होंने मांगे।
इस पर जालसाजों ने उनका अकाउंट बंद कर दिया और ग्रुप से हटा दिया। ठगी का शक होने पर पीड़िता ने साइबर सेल थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी तरह रेल बाजार ट्रैफिक पुलिस लाइन निवासी विमल कुमार के बेटे को भी साइबर जालसाजों ने शिकार बना लिया। घर बैठे पैसे कमाने का लालच देकर उससे 66 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत रेलबाजार थाने में की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निवेश के नाम पर युवक से ठगी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी राहुल यादव के मुताबिक 30 मई 2024 को उसे एक ग्रुप एडमिन के जरिए व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। जिसमें शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर अच्छे रिटर्न की बात कही गई। इस पर वह विश्वास में आ गया और बताए गए खातों में 77,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। कई दिन बीत जाने के बाद भी जब पैसे वापस नहीं आए तो उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने साइबर सेल के साथ ही कोतवाली थाने में मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है।
Next Story