उत्तर प्रदेश

Up News: गन्ना काट रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला,गंभीर रूप से घायल

Sarita
28 March 2025 10:26 AM IST
Up News: गन्ना काट रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला,गंभीर रूप से घायल
x
Up News: थाना खीरी की ग्राम पंचायत सकेथू के मजरा देहपुरवा में गन्ना काट रही महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया। हमले से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। मौके पर पहुंचे शारदा नगर रेंजर से उनकी तीखी नोकझोंक हुई। नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
मजरा देहपुर निवासी मनोहर लाल की पुत्री 40 वर्षीय मुन्नी देवी हाल ही में बहराइच से अपने मायके आई थी। मुन्नी देवी उसी गांव के अरुण वर्मा के खेत में मजदूरी करने के लिए गन्ना छीलने गई थी। उसके साथ करीब 20 से 25 अन्य लोग भी गन्ना छील रहे थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे वह झुककर गन्ना काट रही थी। इसी बीच गन्ने के खेत से निकलकर एक तेंदुआ निकला और मुन्नी देवी पर झपट पड़ा। तेंदुए के हमले में मुन्नी देवी का चेहरा बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ मौके से भाग गया। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल मुन्नी देवी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। इस बीच मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रेंजर अभय मल्ल से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई तक पहुंच गई, जिससे स्थिति बिगड़ गई। इस बीच नायब तहसीलदार, खीरी प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय, सदर विधायक प्रतिनिधि सुमित वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता समेत कई अन्य लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से वन विभाग को गन्ने के खेत में तेंदुआ देखे जाने की सूचना दी जा रही थी, बावजूद इसके वनकर्मियों ने ध्यान नहीं दिया। प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मुन्नी देवी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। कानून व्यवस्था को लेकर कोई दिक्कत नहीं है।
Next Story