उत्तर प्रदेश

UP News: IPL में सट्टा लगाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार

Sarita
30 April 2025 6:27 AM IST
UP News:  IPL में सट्टा लगाने वाले रैकेट का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार
x
UP News: वाराणसी में IPLसट्टा रैकेट का भंडाफोड़, पुलिस ने 7 लोगों को किया गिरफ्तार। करोड़ों रुपये का सट्टा, मोबाइल, नोटबुक और नकदी बरामद।
इंडियन प्रीमियर लीग IPL के साथ ही वाराणसी में सट्टेबाजों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। शहर और ग्रामीण इलाकों के कई युवा इस अवैध गतिविधि की चपेट में आ चुके हैं। इस बीच, वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो करोड़ों रुपये का सट्टा चला रहे थे।
गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी, सट्टा रैकेट का पर्दाफाश
भेलूपुर एसीपी ईशान सोनी ने बताया कि लंका थाना क्षेत्र में कुछ लोग IPLके नाम पर सट्टा चला रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर मौके से 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 8 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 कीपैड फोन, 2 कैलकुलेटर और 2 नोटबुक बरामद की गई हैं, जिसमें सट्टे से जुड़ा पूरा हिसाब दर्ज है।
गिरफ्तार लोगों में सरकंडगली दशाश्वमेध निवासी विश्वजीत सिन्हा, राजेश सिन्हा, दीपू सिन्हा, बड़ी गैबी विरदोपुर निवासी विकास सोनकर, दीपक केशरी, विष्णु सेठ (जक्खा जज कॉलोनी बजरडीहा) और संजय कुमार (बड़ी गैबी) शामिल हैं। इन सभी आरोपियों को विश्वजीत सिन्हा के घर से पकड़ा गया। पूछताछ में पता चला कि ये लोग हर आईपीएल मैच में खिलाड़ियों के प्रदर्शन और रनों के आधार पर सट्टा लगाते थे। जो बुकी जीतता था, उसे पैसे मिलते थे। यह रैकेट गोदौलिया निवासी हर्षित खान चंदानी के इशारे पर चल रहा था, जो इन्हें 10% कमीशन देता था।
बैंक खातों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सट्टे के नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। इस मामले में जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Next Story