उत्तर प्रदेश

UP News: एकतरफा प्रेम में अपहरण के बाद मासूम की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Sarita
25 Oct 2025 7:26 AM IST
UP News: एकतरफा प्रेम में अपहरण के बाद मासूम की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
x
UP News: कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के हरदेव नगर में शुक्रवार दोपहर रिमोट कंट्रोल कार दिलाने के बहाने राजमिस्त्री माखन सोनकर के बेटे आयुष सोनकर (6) का उसके किरायेदार शिवम सक्सेना ने अपहरण कर लिया। आरोपी लड़के को ऑटो रिक्शा में पांडु नदी ले गया। वहाँ गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव नदी किनारे फेंक दिया। काफी देर तक जब लड़का वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर डीसीपी साउथ दीपेंद्र चौधरी और एडीसीपी योगेश पांडे सर्किल की फोर्स के साथ मौके पर पहुँचे और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। डीसीपी के मुताबिक, ऐसा लग रहा है कि आरोपी युवक का मृतक लड़के की माँ से प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद होता था।
फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्यारे की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं। मूल रूप से घाटमपुर के रामसारी गाँव के रहने वाले माखन सोनकर अपनी पत्नी ममता, 14 साल की बेटी मानवी और 10 साल के बेटों मयंक और आयुष के साथ उबस्ती स्थित वर्मा के मकान में किराएदार के तौर पर रहते हैं। फतेहपुर निवासी शिवम सक्सेना अपने पिता रामनारायण के साथ इसी मकान में रहते हैं। दोनों दादा नगर स्थित फैक्ट्री में काम करते हैं। आयुष के रोते हुए माता-पिता ने पुलिस को बताया कि शिवम दोपहर करीब डेढ़ बजे आयुष को रिमोट से चलने वाली कार दिलाने के बहाने पैदल ले गया था। करीब साढ़े तीन बजे जब शिवम अकेला घर लौटा, तो उन्होंने तुरंत डायल 112 को सूचना दी। पीआरवी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुँचे और आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जाँच शुरू की, जहाँ उन्होंने आरोपी को अकेले घूमते हुए देखा।
पुलिस ने घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद बर्रा इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बच्चे की तलाश के लिए तीन टीमें लगाईं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत पुलिस टीमों ने 50 से ज़्यादा कैमरे खंगाले और हत्या का आरोपी शिवम स्नेही चौराहे से वैष्णो मंदिर की ओर जाता हुआ कैद हो गया। सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था आशुतोष कुमार और डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी मौके पर पहुँचे। डीसीपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया लड़के की गला दबाकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अपहरण की धारा को हत्या में तरमीम किया जा रहा है। जाँच में पता चला है कि शिवम ममता से एकतरफा प्यार करता था। आरोपी को देर रात फतेहपुर चौराहे के पास से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
Next Story