उत्तर प्रदेश

Up News: रामनवमी पर खेत में मिली मूर्ति, ग्रामीणों ने लगाए बजरंगबली के जयकारे

Sarita
7 April 2025 11:06 AM IST
Up News:  रामनवमी पर खेत में मिली मूर्ति, ग्रामीणों ने लगाए बजरंगबली के जयकारे
x
Up News: रामनवमी के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के बरेली में एक चमत्कार देखने को मिला. यहां इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव में खेत की खुदाई के दौरान भगवान श्री राम के परम भक्त हनुमान जी की मूर्ति प्रकट हुई है. जैसे ही यह खबर इलाके में फैली तो वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु एकत्रित हो गए, जिसके बाद इलाका जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारों से गूंज उठा. दरअसल यह मामला बरेली के इज्जतनगर के रूपापुर गांव का है, जहां किसान होतम सिंह दैनिक कार्य के लिए अपने खेत पर पहुंचे थे. जब वह खेत में फावड़ा चला रहे थे. तभी उनका फावड़ा किसी कठोर वस्तु से टकराया. पहले तो उन्हें लगा कि शायद यह कोई पत्थर होगा, लेकिन जब उन्होंने सावधानी से मिट्टी हटाई तो उसके अंदर से
हनुमान
जी की एक सुंदर और प्राचीन मूर्ति निकली|
मूर्ति निकलते ही किसान हैरान रह गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ग्रामीणों को दी. गांव में खुशी की लहर ग्रामीण रामनवमी के पावन अवसर पर हनुमान जी की मूर्ति के प्रकट होने को दैवीय संकेत के तौर पर देख रहे हैं. लोग इसे भगवान का आशीर्वाद मान रहे हैं और गांव की खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक भी मान रहे हैं। ऐसे में खेत में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे सभी दर्शन के लिए पहुंचे और भक्ति भाव से पूजा-अर्चना करने लगे। खेत में ही पूजा-अर्चना शुरू हो गई स्थानीय लोगों ने खेत में ही अस्थायी तौर पर मूर्ति स्थापित कर दी। साथ ही हनुमान चालीसा और कीर्तन-भजन का आयोजन भी शुरू हो गया है।
श्रद्धालु फूल, प्रसाद और नैवेद्य लेकर पहुंच रहे हैं और पूजा-अर्चना में हिस्सा ले रहे हैं। श्रद्धालुओं ने मूर्ति को मिट्टी से साफ किया और उस पर चंदन और गुलाल लगाया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। लोग अब इस स्थान पर स्थायी मंदिर बनाने की योजना बना रहे हैं। कई ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण के लिए दान देना भी शुरू कर दिया है। उनका मानना ​​है कि भगवान बजरंगबली ने स्वयं इस स्थान को चुना है और यह स्थान अब तीर्थ स्थल बन सकता है।
प्रशासन से संपर्क करने की तैयारी ग्रामीणों का कहना है कि वे जल्द ही प्रशासन से संपर्क कर इस स्थान को धार्मिक स्थल घोषित करने की मांग करेंगे। इसके साथ ही मूर्ति की जांच और संरक्षण की भी जरूरत महसूस की जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन लोगों में मामले को लेकर काफी उत्साह है। रामनवमी के पावन दिन हनुमान जी की मूर्ति का प्रकट होना लोगों के लिए आस्था, विश्वास और भक्ति से जुड़ा एक अद्भुत अनुभव बन गया है।
Next Story