उत्तर प्रदेश

Up News: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 18 श्रद्धालु घायल

Sarita
3 April 2025 7:50 AM IST
Up News:  तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, 18 श्रद्धालु घायल
x
Up News : इटावा जसवंतनगर के लरई थाना क्षेत्र के गांव कीरतपुर में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव जसोहन में पथरी वाले बाबा मंदिर पर झंडा (नेजा) चढ़ाने के बाद श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सैफई पीजीआई रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु यमुना किनारे गांव जसोहन के पास स्थित पथरी वाले बाबा के मंदिर पर झंडा चढ़ाने के लिए आगरा जिले के गांव कोकपुर जेतपुर कला थाना चित्राहाट आगरा से आए थे।
पूजा-अर्चना के बाद शाम 7:00 बजे अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही ट्रॉली गांव कीरतपुर थाना बलरई के पास पहुंची तो चालक की लापरवाही के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर चालक शिवराज सिंह निवासी गांव निरवरिया कोकपुर शराब के नशे में था और तेज गति से ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्राली पलट गई, जिससे उसमें सवार श्रद्धालु दबकर घायल हो गए। ट्रैक्टर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
हादसे में शिवराज (46), राजेश (45), बिंटू (16), शिव (15), शालिग्राम (50), बालकिशन (50), जीवाराम (40), रामबाबू (60), बदन सिंह (40), सुभाष (55), वेदप्रकाश (55), चिरंजीलाल (60), अभिषेक (10), हिम्मत (35), अखिलेश (10), हाकिम (60), राम खिलाड़ी (60), भागीरथ (70) निवासी गांव कूकापुर जैतपुर कला आगरा गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से पांच की हालत गंभीर देखते हुए बालकिशन, रामबाबू, हाकिम, अभिषेक, सुभाष को चिकित्सकों ने सैफई पीजीआई रेफर कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया। उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत, क्षेत्राधिकारी नागेंद्र चौबे, प्रभारी निरीक्षक बलरई बलराम मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक जसवंतनगर रामसहाय सिंह व नायब तहसीलदार नेहा सचान ने मौके पर पहुंचकर घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। ध्वजारोहण करने आए गुरुनारायण पुत्र रामदीन निवासी कोकपुर ने बताया कि यह दुर्घटना शराब पीकर वाहन चलाने के कारण हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
Next Story