उत्तर प्रदेश

UP News: कार में जिंदा जले सरकारी डॉक्टर, दीवार से टकराने के बाद उठीं लपटें

Sarita
8 Jun 2025 6:58 AM IST
UP News: कार में जिंदा जले सरकारी डॉक्टर, दीवार से टकराने के बाद उठीं लपटें
x
UP News: मथुरा से सटे भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे में शनिवार शाम को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सरकारी चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार मीना की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि कार में आग लगने से डॉक्टर जिंदा जल गए. यह हादसा भुसावर थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुआ. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. जानकारी के अनुसार डॉ. विनोद कुमार मीना गंगापुर सिटी के रहने वाले थे. वर्तमान में भुसावर के सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के पद पर कार्यरत थे. शनिवार शाम करीब 6 बजे वे अपनी कार से कहीं जा रहे थे, तभी भुसावर-वैर रोड पर कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई. टक्कर लगने के तुरंत बाद कार में आग लग गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि डॉ. मीना कार से बाहर नहीं निकल पाए. वे कार के अंदर ही जिंदा जल गए. दमकल पहुंची, लेकिन बचाया नहीं जा सका
हादसे की सूचना मिलते ही भुसावर थाना पुलिस व दमकल की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों व दमकलकर्मियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कार में फंसे डॉ. मीना की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कार से बाहर निकालकर भुसावर के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
थानाधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि मृतक डॉक्टर के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार संभवत: सीएनजी से चल रही थी और टक्कर के बाद गैस लीक हो गई और आग लग गई। हालांकि आग लगने के असली कारणों की जांच की जा रही है।
Next Story