उत्तर प्रदेश

Up News: मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, आवाजाही ठप

Sarita
17 Jan 2026 7:33 AM IST
Up News: मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, आवाजाही  ठप
x
Up News:उत्तर प्रदेश के बदायूं में उझानी थाना क्षेत्र के बिटरोई रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मालगाड़ी का डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। इस हादसे के बाद बरेली, बदायूं और कासगंज रेलवे सेक्शन पर ट्रेन संचालन पूरी तरह से बाधित हो गया। एहतियात के तौर पर इस रूट पर रेल यातायात को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे अधिकारी, जीआरपी (सरकारी रेलवे पुलिस), आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मचारी पटरी से उतरे डिब्बे को हटाने और ट्रैक की मरम्मत का काम कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात एक मालगाड़ी का डिब्बा तेज आवाज के साथ पटरी से उतर गया, जिससे रेलवे लाइन पर तुरंत यातायात रुक गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा कारणों से पूरे रेलवे सेक्शन का निरीक्षण किया जा रहा है। ट्रैक की मरम्मत और पटरी से उतरे डिब्बे को हटाने के बाद ही ट्रेन संचालन फिर से शुरू होगा। इस घटना के कारण यात्री ट्रेनों को रास्ते में रोक दिया गया है या उनके रूट बदले जा सकते हैं।
Next Story